पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने थावे मंदिर में मत्था टेका, माँ भवानी से लिया आशीर्वाद
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रेपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश सोमवार को गोपालगंज पहुंचे। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक थावे शक्तिपीठ मंदिर में माँ थावे भवानी के दर्शन किए। मंत्री ने मंदिर के गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना की और जगतजननी माँ दुर्गा का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा के पश्चात पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि माँ थावे वाली के दरबार में आकर उन्हें असीम शांति की अनुभूति हुई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने माँ भवानी से बिहार की सुख, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की है। उन्होंने कहा, “माँ का आशीर्वाद प्रदेश के हर नागरिक पर बना रहे और हमारा बिहार विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़े, यही मेरी प्रार्थना है।” दर्शन के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी संक्षिप्त जायजा लिया। स्थानीय कार्यकर्ताओं और मंदिर न्यास समिति के सदस्यों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। पूजा के बाद उन्हें मंदिर की ओर से माता की चुनरी और प्रसाद भेंट किया गया। इस अवसर पर स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पार्टी के कई प्रमुख कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।












