गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7 दिनों में 298 गिरफ्तारी, अवैध शराब व अपराध पर कसा शिकंजा
ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट







गोपालगंज। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से गोपालगंज पुलिस ने 28 दिसंबर 2025 से 03 जनवरी 2026 तक सघन अभियान चलाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस अवधि में अपराधियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 298 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई, जिनमें से 144 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। हत्या के प्रयास, बलात्कार/पॉक्सो, चोरी, आर्म्स एक्ट, लूट, NDPS, SC/ST एक्ट सहित विभिन्न संगीन मामलों में अपराधियों को पकड़ा गया।
शराबबंदी को सख्ती से लागू करते हुए पुलिस ने 459.4 लीटर देसी व 280.985 लीटर विदेशी शराब बरामद की। शराब तस्करी में 39 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई, जबकि 43 लोगों को शराब सेवन के आरोप में पकड़ा गया। इसके अलावा 170, 126 और 128 बीएनएस की धाराओं में भी कई गिरफ्तारी दर्ज की गई।
पुलिस ने इस दौरान 96 वारंट और 9 कुर्की का निष्पादन, 13 इश्तेहार तामील, तथा 80 अपराधियों के आत्मसमर्पण को भी सुनिश्चित किया। अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल, हथियार, औजार व अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बड़ी मात्रा में बरामद की गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध, शराब तस्करी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गोपालगंज पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाया जा सके।
















