गोपालगंज में ट्रैफिक नियमों का सख्त पालन, 7 दिनों में 13.75 लाख रुपये का चालान वसूला
ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट









गोपालगंज। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए गोपालगंज पुलिस ने सख्त अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दिनांक 28 दिसंबर 2025 से 03 जनवरी 2026 तक जिले भर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की गई।
इस दौरान कुल 13,75,500 रुपये की चालान राशि वसूल की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों से सबसे अधिक 6,55,000 रुपये, वहीं बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर 2,21,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा इंश्योरेंस नहीं होने पर 2,18,000 रुपये, प्रदूषण मानक उल्लंघन पर 1,47,000 रुपये तथा नो पार्किंग में वाहन खड़े करने पर 12,000 रुपये का चालान किया गया।
दो पहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने वालों से 62,000 रुपये, सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 31,000 रुपये, यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की गई। गलत दिशा में वाहन चलाने पर भी चालान काटा गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यातायात नियमों की अनदेखी अब महंगी पड़ेगी। गोपालगंज पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे हेलमेट, सीट बेल्ट, वैध लाइसेंस, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाण पत्र के साथ ही वाहन चलाएं, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित हो सके।














