बिहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गृहभेदन कांड का सफल उद्भेदन, 04 शातिर चोर गिरफ्तार







पटना। बिहार पुलिस ने गृहभेदन के एक मामले का त्वरित और सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। दिनांक 30.12.2025 को पटना जिले के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत एक घर में चोरी की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कांड दर्ज किया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी–01, सचिवालय के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर सघन छापेमारी अभियान चलाया और चोरी की घटना में संलिप्त 04 अप्रथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी गए सामानों की बड़ी खेप बरामद की है, जिसमें 02 स्मार्ट टीवी, 01 टैब, 09 मोबाइल फोन एवं 01 घड़ी शामिल हैं। बरामदगी के बाद चोरी के इस कांड का पूर्ण रूप से खुलासा हो गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने राहत की सांस ली है। बिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
















