बरौली थाना की बड़ी कार्रवाई: 158 किलो गांजा बरामद, तस्करी नेटवर्क में मचा हड़कंप
गोपालगंज। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरौली थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 158.280 किलो गांजा जैसे मादक पदार्थ के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 एवं बरौली थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। दिनांक 02.01.2026 को मिली सूचना के सत्यापन के बाद ग्राम बतरदेह में छापेमारी की गई। इस दौरान अभियुक्त राधेश्याम भगत, पिता स्व. चंद्रिका भगत, के घर की विधिवत तलाशी में भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से 158.280 किलो गांजा जब्त कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर अन्य गांजा कारोबारियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशा कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
👉 गोपालगंज पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि नशा तस्करों के लिए अब जिले में कोई जगह नहीं है।












