कटेया थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत, दहेज उत्पीड़न की आशंका पर पुलिस जांच तेज
गोपालगंज। कटेया थाना क्षेत्र के ग्राम भेड़िया में नववर्ष के पहले ही दिन एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान प्रियंका देवी, पति दिलीप शर्मा की पत्नी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 01 जनवरी 2026 को महिला की मौत की सूचना कटेया थाना को मिली। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कटेया थानाध्यक्ष पुलिस बल एवं एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और साक्ष्य एकत्र किए गए।
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।
महिला की मौत ने एक बार फिर दहेज प्रथा पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पुलिस की सक्रियता से पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है।












