अलीनगर थाना का ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने किया औचक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश
दरभंगा से बड़ी खबर सामने आई है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, दरभंगा द्वारा आज दिनांक 29.12.2025 को अलीनगर थाना का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
ग्रामीण एसपी ने थाना में संधारित विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों की बारीकी से जांच की। इस क्रम में आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क, लोक शिकायत पंजी, मासिक कार्य विवरणी, मालखाना, ओडी जांच, हाजत सुरक्षा, चार्जशीट, स्टेशन डायरी समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान हत्या, लूट, डकैती जैसी संगीन आपराधिक घटनाओं एवं लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए ग्रामीण एसपी ने कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, सघन वाहन चेकिंग, रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने तथा बैंक व एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया।
थानाध्यक्ष को पूर्व से लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने एवं वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं अनुसंधानकर्ताओं को नए आपराधिक कानून के अनुरूप कांडों की जांच करने तथा वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक पद्धति से साक्ष्य संकलन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने थाने के विभिन्न मामलों के अनुसंधानकर्ताओं से सीधे कांडों की जानकारी ली और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।












