कटेया में भीषण सड़क हादसा: महिला समेत दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से जख्मी
राकेश कुमार मिश्रा की खास रिपोर्ट
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र से इस वक्त एक दर्दनाक सड़क हादसे की बड़ी खबर सामने आ रही है। थाना क्षेत्र के रैपुरा गांव के पास रविवार की दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एक महिला समेत दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल महिला की पहचान सवनहा निवासी अनूप राम की पत्नी सरोज देवी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सरोज देवी अपने बच्चों के साथ मायके मोतीपुर से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रैपुरा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कारों की हालत देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पर तैनात एसआई संतोष ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को इलाज के लिए सिधवनिया बाजार स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। वहीं, हादसे में शामिल एक कार जो चलने की स्थिति में थी, उसे पुलिस थाने ले गई, जबकि दूसरी क्षतिग्रस्त कार खबर लिखे जाने तक घटनास्थल पर ही मौजूद रही।
सूत्रों के मुताबिक, घायल महिला की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।












