थावे में पुलिस–अपराधी मुठभेड़ के बाद फॉरेंसिक टीम की बड़ी कार्रवाई
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत रिखई टोला गांव के समीप पुलिस और अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ के बाद जांच की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। मुठभेड़ के दौरान अपराधी के गोली लगने के बाद मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए तीन सदस्यीय फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से पड़ताल की।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून की बूंदें, अपराधी की चप्पल समेत कई अहम नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रूप से अपने साथ ले जाया गया। इन साक्ष्यों के आधार पर मुठभेड़ से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जाएगी।
घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। इस दौरान डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार, अवधेश कुमार सहित कई वरीय एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस सतर्क है और आगे की कार्रवाई जारी है।












