सात निश्चय व महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर डॉ. अशोक चौधरी की सख्त समीक्षा, अधिकारियों को दिए त्वरित व गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश





पटना |
ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित सात निश्चय योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने की। इस दौरान वरीय पदाधिकारियों एवं सीनियर इंजीनियर्स के साथ योजनाओं की अद्यतन स्थिति, कार्य की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
डॉ. अशोक चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरे हों। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
बैठक में विभागीय सचिव श्री दिवेश सेहरा सहित ग्रामीण कार्य विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अभियंतागण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
मंत्री ने यह भी कहा कि सात निश्चय योजना ग्रामीण बिहार के समग्र विकास की रीढ़ है और इसका लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। समीक्षा बैठक के माध्यम से विभाग को एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया गया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही सर्वोपरि है।












