BiharPolice की बड़ी कामयाबी: टोटो लूट कांड का खुलासा, 3 लूटे गए टोटो व 2 बाइक बरामद, 5 शातिर गिरफ्तार



अररिया |
अररिया जिले में पिछले एक सप्ताह से नरपतगंज और फुलकांहा थाना क्षेत्र में टोटो चालकों को निशाना बनाकर की जा रही लूट की घटनाओं का #BiharPolice ने सफल उद्भेदन कर दिया है। पुलिस की सटीक रणनीति, आसूचना संकलन और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर की गई कार्रवाई में 03 लूटे गए टोटो, घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जबकि 05 शातिर अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार अपराधी यात्री बनकर टोटो बुक करते थे और सुनसान स्थान पर ले जाकर टोटो चालक के साथ मारपीट कर हथियार का भय दिखाते हुए टोटो, मोबाइल व नगदी लूट लेते थे। इसी क्रम में नरपतगंज थाना क्षेत्र में दिनांक 08.12.25 को मंगही चौक से मधुरा जाने के नाम पर टोटो बुक कर चंदा नहर के पास चालक से मोबाइल और टोटो छीन लिया गया था। वहीं फुलकांहा थाना क्षेत्र में 22.12.25 को रामपुर (फारबिसगंज) से भोरहर हाट के लिए टोटो भाड़ा कर भोरहर हाट से पहले चालक के साथ मारपीट कर टोटो लूट की गई थी।
लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर ग्राम पोसदाहा में सत्यनारायण तिवारी के घर छापेमारी की, जहां से घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर ग्राम हृदयनगर, थाना वीरपुर, जिला सुपौल में संतोष कुमार के घर छापेमारी कर उसकी निशानदेही पर 03 लूटे गए टोटो बरामद किए गए।
इस कार्रवाई में कुल 05 अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के साथ टोटो लूट गिरोह का पूरी तरह पर्दाफाश हो गया है। पुलिस की इस सफलता से टोटो चालकों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।














