गोपालगंज को मिला नया सिविल सर्जन, डॉ. राजीव कुमार को मिली कमान
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट




स्वास्थ्य विभाग में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत गोपालगंज को नया सिविल सर्जन मिल गया है। डॉ. राजीव कुमार को गोपालगंज का नया सिविल सर्जन नियुक्त किया गया है। वे इससे पूर्व भोजपुर जिले के पीरो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
पटना निवासी डॉ. राजीव कुमार को एक अनुभवी और कर्मठ चिकित्सक के रूप में जाना जाता है। उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और व्यवस्थागत मजबूती की उम्मीद जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार गोपालगंज के सिविल सर्जन समेत कुल 21 चिकित्सा प्रभारियों का तबादला किया गया है।
जानकारी के मुताबिक डॉ. राजीव कुमार आगामी 1 फरवरी 2026 को गोपालगंज में अपना पदभार ग्रहण करेंगे। उनके आगमन को लेकर जिले के स्वास्थ्य महकमे में नई ऊर्जा और अपेक्षाओं का माहौल है।
बताया जा रहा है कि नए सिविल सर्जन के नेतृत्व में जिला अस्पताल समेत सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि आम जनता को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।













