गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 863 लीटर शराब के साथ पिकअप जप्त, दो तस्कर गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट



गोपालगंज। जिले में शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुचायकोट पुलिस ने शनिवार को भारी मात्रा में देशी शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने एक पिकअप वैन को भी जप्त किया है जिसमें छुपाकर ले जाई जा रही 863 लीटर देशी शराब बरामद हुई है। मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।जानकारी के अनुसार, कुचायकोट थानाध्यक्ष दर्पण सुमन को यह गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की एक बड़ी खेप उत्तर प्रदेश के रास्ते बिहार में प्रवेश करने वाली है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोन्हवा मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया, जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें भारी मात्रा में देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शराब को जप्त कर लिया और वाहन सवार दो तस्करों को हिरासत में ले लिया।थानाध्यक्ष दर्पण सुमन ने बताया कि:
”गुप्त सूचना के आधार पर कोन्हवा मोड़ के पास घेराबंदी की गई थी। जप्त की गई देशी शराब की कुल मात्रा 863 लीटर है। इस मामले में संलिप्त दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।” पुलिस ने उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार तस्करों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की यह खेप कहाँ पहुँचाई जानी थी। पुलिस फिलहाल आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।














