बड़हरिया प्रशासन और नगर पंचायत द्वारा प्रखंड के सभी चौक-चौराहों पर आम लोगों के लिए अलाव जलाया गया
बड़हरिया से परमानंद पांडे की रिपोर्ट
बड़हरिया प्रखंड क्षेत्र में बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप से बचने के लिए प्रखण्ड प्रशासन और नगर पंचायत के पदाधिकारी द्वारा प्रखंड के सभी चौक चौराहों पर आग जलाया गया। ठंड से बचने के लिए बड़हरिया प्रशासन एवं नगर पंचायत पदाधिकारी की ओर से आग जलाने के कार्य को बुद्धिजीवियों ने सराहना कर रहे है। प्रखंड मुख्यालय के रिक्शा, जिप, टेंपू और बस अड्डों के साथ सभी चौक चौराहों पर आग जलाए गए है। इनके अलावा थाना क्षेत्र के कैल टोला, ज्ञानी मोड, चाडी बाजार तथा नगर पंचायत पदाधिकारी के द्वारा अलग-अलग गांवों के साथ-साथ नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजारों, चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आग जलाए गए हैं। अलाव जलाने से आम राहगीरों, दुकानदारों और जरूरतमंद लोगों को कड़के की ठंड से काफी राहत मिल रही है। इस संबंध में अंचल पदाधिकारी सरफराज अहमद ने बताया कि शीतलहर को देखते हुए अंचल क्षेत्र के विभिन्न गांवों में और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाया गया है। सीओ ने बताया की ठंड को देखते हुए आगे भी जरूरत पड़ने पर अलाव की संख्या बढ़ाई जाएगी। जबकि नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) सुश्री प्रेमशीला ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार, चौक-चौराहों और भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर अलाव जलाया गया है, ताकि आमजन को ठंड से राहत मिल सके। नगर पंचायत द्वारा ठंड के प्रकोप से आम लोगों को बचाने हेतु लगातार निगरानी की जा रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ अनिल कुमार गिरी ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के इस मौसम में अलाव जलने से आमजन को बड़ी राहत मिल रही है। बता दें कि सुबह-शाम ठंड के कारण बाजारों में आने-जाने वाले आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ठंड के कारण बाजारों में लोगों की संख्या कम हो गई है। ऐसे में अलाव की व्यवस्था से विशेषकर बुजुर्गों, मजदूरों, रिक्शा, टेंपू चालकों और दुकानदारों को काफी राहत मिल रही है। बाजारों में अलाव जलने से देर शाम तक दुकानें खोलने वाले दुकानदारों को काफी सहूलियत मिल रही है।












