गांधी स्टेडियम बेगूसराय में सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन, खेल प्रतिभाओं को मिला प्रोत्साहन
बेगूसराय, 25 दिसंबर 2025 — गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में आज सांसद खेल महोत्सव का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया, जिसके पश्चात माननीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय सांसद एवं केंद्रीय कपड़ा एवं वस्त्र उद्योग मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का पाठ भी पढ़ाता है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए निरंतर अभ्यास और समर्पण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री, माननीय विधायक तेघड़ा श्री रजनीश कुमार, उपविकास आयुक्त, नगर आयुक्त, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, बेगूसराय सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, खेल प्रबंधक, दल प्रभारी एवं बड़ी संख्या में जिले के खेलप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजन के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक सार्थक पहल की गई। कार्यक्रम का समापन खेल भावना, जोश और उमंग के साथ हुआ, जिसने बेगूसराय को खेलों के नए आयाम की ओर अग्रसर करने का संदेश दिया।












