बांदा | रोडवेज डिपो में स्वास्थ्य सुरक्षा की मिसाल, 304 कर्मचारियों की निःशुल्क जांच
उ०प्र० राज्य एड्स नियन्त्रण सोसाइटी लखनऊ के निर्देशों के क्रम में दिनांक 22 दिसंबर 2025 को रोडवेज बस परिसर में जनपद इकाई द्वारा एक व्यापक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य डिपो में कार्यरत चालकों, परिचालकों एवं सहयोगी स्टाफ के स्वास्थ्य की समग्र जांच सुनिश्चित करना रहा।
शिविर का संयुक्त उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजेन्द्र सिंह एवं रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री संदीप अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कर्मचारियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को कार्यक्षमता और सुरक्षा से जोड़ते हुए इसे अत्यंत सराहनीय पहल बताया।
स्वास्थ्य शिविर में प्रतिभागियों को नेत्र परीक्षण, सामान्य रक्त जांच, ब्लड ग्रुप, ब्लड शुगर, एचआईवी परामर्श एवं जांच, टीबी स्क्रीनिंग, एसटीआई, सिफलिस, हेपेटाइटिस बी एवं सी की जांच व परामर्श सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों व पैरामेडिकल कर्मियों ने जांच के साथ आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया।
शिविर का संचालन जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी, रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश बाबू गुप्ता तथा जिला एड्स कार्यक्रम प्रबंधक की देखरेख में सुचारू रूप से किया गया।
आंकड़ों के अनुसार, शिविर में कुल 304 कर्मचारियों की एचआईवी, एसटीआई, सिफलिस, हेपेटाइटिस बी/सी, नेत्र एवं रक्त जांच की गई। वहीं टीबी की संभावित जांच के तहत 304 लोगों की स्क्रीनिंग करते हुए 40 सैंपल एकत्र किए गए।
स्वास्थ्य के प्रति यह समर्पित पहल न केवल कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने वाली रही, बल्कि कार्यस्थल पर सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित हुई।
— बांदा से सनम की रिपोर्ट












