पुनौरा धाम पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का अंशुल प्रकाश ने किया भव्य स्वागत
डॉ.राहुल कुमार द्विवेदी की रिपोर्ट।
सोमवार को बिहार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष माननीय संजय सरावगी का पावन मां जानकी की प्राकट्य स्थली पुनौरा धाम में आगमन हुआ। उन्होंने विधि-विधान से मां जानकी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और क्षेत्र, राज्य व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत पुनौरा धाम परिसर में आयोजित 23वें अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रदेश अध्यक्ष के पुनौरा धाम पहुंचते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं मैथिली समाज के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर नगर निगम सीतामढ़ी के वार्ड संख्या-4 के पार्षद सह भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष श्री अंशुल प्रकाश ने प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया तथा चादर ओढ़ाकर सम्मानित किया। स्वागत समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने “मां जानकी की जय” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मैथिली भाषा-संस्कृति के संरक्षण पर जोर
23वें अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि मिथिला की धरती विश्व को संस्कृति, संस्कार और भाषा की अमूल्य धरोहर देने वाली भूमि है। मैथिली भाषा और संस्कृति का गौरवशाली इतिहास रहा है, जिसे सहेजना और आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सदैव भारतीय भाषाओं, लोक-संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने पुनौरा धाम को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से और अधिक विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि मां जानकी की जन्मस्थली को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने सम्मेलन के आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सम्मेलन नई पीढ़ी को अपनी भाषा और संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
अंशुल प्रकाश ने जताया आभार
इस अवसर पर नगर निगम पार्षद सह नगर मंडल अध्यक्ष श्री अंशुल प्रकाश ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि संजय सरावगी का पुनौरा धाम आगमन सीतामढ़ी और मिथिला क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के मार्गदर्शन में पार्टी संगठन और अधिक मजबूत हो रहा है तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को नई ऊर्जा मिल रही है। संजय सरावगी, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा ने कहा “मां जानकी की जन्मभूमि पुनौरा धाम आकर मुझे अपार आत्मिक शांति और ऊर्जा की अनुभूति हुई है। मिथिला की भाषा, संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। भाजपा इनकी रक्षा और विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित है। अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर स्थापित करते हैं।”
अंशुल प्रकाश, पार्षद सह नगर मंडल अध्यक्ष, भाजपा ने कहा की
“प्रदेश अध्यक्ष माननीय संजय सरावगी जी का पुनौरा धाम आगमन हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन मजबूत हो रहा है और मिथिला के विकास को नई दिशा मिल रही है। मां जानकी की धरती के समग्र विकास के लिए हम सभी उनके साथ मिलकर कार्य करेंगे।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मैथिली साहित्यकार, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान मैथिली भाषा, साहित्य और संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।












