रेलवे भूमि से अवैध दुकानें हटाने का नोटिस जारी, 18 दिसंबर तक का अल्टीमेटम
पूर्वोत्तर रेलवे के सिधवलिया सेक्शन द्वारा रेलवे भूमि पर अवैध रूप से लगाई गई दुकानों को हटाने को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। इस संबंध में नोटिस जारी कर अतिक्रमणकारियों को 18 दिसंबर 2025 तक निश्चित रूप से दुकानें हटा लेने का निर्देश दिया गया है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि रेलवे भूमि पर अवैध रूप से संचालित दुकानों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वयं हटा लिया जाए। ऐसा नहीं करने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमों के तहत प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। रेलवे प्रशासन की ओर से नोटिस जारी होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और प्रभावित दुकानदारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते दुकानें नहीं हटाई गईं, तो रेलवे द्वारा बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।












