भाजपा ने चलाया स्वदेशी जागरूकता अभियान, लोगों से देशी उत्पाद अपनाने की अपील
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय प्रखंड में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी सामान अपनाने की अपील करते हुए एक जागरूकता अभियान चलाया। इसके लिए आम लोगों और दुकानदारों से विदेशी उत्पादों का बहिष्कार कर स्वदेशी सामान बेचने व खरीदने का आग्रह किया। भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान से जोड़ने का प्रयास रखा। उन्होंने बताया कि स्वदेशी उत्पादों का उपयोग न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों और उद्योगों को भी बढ़ावा देगा। नेताओं ने दुकानदारों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उन्हें चीनी तथा अन्य विदेशी सामानों की जगह भारतीय उत्पाद बेचने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि स्वदेशी अपनाना हर भारतीय का कर्तव्य है। विदेशी सामान खरीदने से देश का पैसा बाहर जाता है, जबकि स्वदेशी से देश मजबूत होता है। उन्होंने लोगों से संकल्प लेने की अपील की कि वे आगे से केवल देशी उत्पाद ही उपयोग करेंगे। भाजपा नेता बिट्टू सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान पूरे जिले में चलाया जाएगा, ताकि आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो सके। कार्यक्रम में देवेंद्र प्रसाद, धर्मेंद्र तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णा प्रसाद, योगेंद्र ओझा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। मौजूद दर्जनों लोगों ने लिखित रूप से संकल्प लिया कि वे स्वदेशी सामान अपनाएंगे और विदेशी उत्पादों का त्याग करेंगे। इस संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर कर लोगों ने अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से ग्रामीण स्तर पर भी स्वदेशी की भावना मजबूत होगी। नौतन प्रखंड के इस आयोजन में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए, जिससे बाजार क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।












