कटेया में आमलोगो के जिंदगी को मौत में बदलने की तैयारी में बिजली विभाग
दो माह से टुटा पोल और क्षतिग्रस्त तार बना जानलेवा हादसे का इंतजार

गोपालगंज/कटेया। कटेया प्रखंड में बिजली विभाग की कथित लापरवाही आम लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार 29 अप्रैल को आए तेज आंधी-तूफान में क्षतिग्रस्त हुए बिजली के तार और पोल को विभाग द्वारा अब तक दुरुस्त नहीं कराया गया है। करीब दो महीने बीत जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बताया जा रहा है कि वैष्णो मठ के पूरब दिशा स्थित होंडा एजेंसी से लेकर साधु मोड़ के पश्चिम तक कई स्थानों पर बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त अवस्था में हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद विभाग ने समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू हो चुका है और तेज हवा या बारिश के दौरान जर्जर पोल और लटकते तार किसी भी समय गिर सकते हैं। इससे न केवल विद्युत आपूर्ति बाधित होने का खतरा है, बल्कि राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है।
क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से तत्काल क्षतिग्रस्त पोल और तारों की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि विभाग की यह उदासीनता आम नागरिकों के जीवन के साथ खिलवाड़ के समान है। अब देखना यह होगा कि बिजली विभाग संभावित खतरे को गंभीरता से लेते हुए कब तक आवश्यक कार्रवाई करता है।












