कुरमौटा में भूमि विवाद को लेकर खुनी संघर्ष, मां-बेटे गंभीर रूप से घायल
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरमौटा गांव में भूमि विवाद को लेकर शुक्रवार सुबह दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गयी। झड़प में मां-बेटा मुन्नी खातून और जाहिर हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए पहले नौतन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत देखते हुए सिवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल मुन्नी खातून ने बताया कि उन्होंने बैनामा रजिस्ट्री के माध्यम से उक्त भूमि खरीदी थी। आज सुबह उसी जमीन पर मकान का नींव निकलवाने गई थीं। इसी दौरान पुरानी दुश्मनी के चलते उनके पटीदारों ने लाठी-डंडे व घातक हथियारों से लैस होकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने घर में घुसकर सिलाई मशीन समेत अन्य सामान भी लूट लिया। सूत्रों के अनुसार इसी भूमि को लेकर पिछले साल भी दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो चुकी थी। उस समय भी लाठी-डंडे आदि चले थे, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। उस घटना में दोनों तरफ से थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि घटना की लिखित सूचना अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। आवेदन मिलते ही मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
