गोपालगंज में प्रेम प्रसंग में सनसनीखेज हत्याकांड: लापता युवक का चौर से मिला शव, पुलिस ने 24 घंटे में मुख्य आरोपी को दबोचा।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार के गोपालगंज जिले के हथुआ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के चक्कर में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हालांकि, गोपालगंज पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से महज 24 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है।पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और मृतक का टूटा हुआ मोबाइल भी बरामद कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हथुआ थाना क्षेत्र के ग्राम सोहागपुर का रहने वाला अनीश कुमार (पिता- कपिलदेव राम) बीती 7 जून 2026 को अपने घर से साइकिल लेकर निकला था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए अगले दिन 8 जून को अज्ञात लोगों के खिलाफ हथुआ थाने में मामला (कांड संख्या 195/26) दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) गोपालगंज के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) हथुआ और थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस जब जांच में जुटी, तो 8 जून को ही हथुआ के मंगरा चौर से अनीश कुमार का शव बरामद हुआ। घटना की भयावहता को देखते हुए तुरंत मौके पर फॉरेंसिक (FSL) टीम को बुलाया गया जिसने वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेजा गया। विशेष पुलिस टीम ने जब मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों (सीडीआर और लोकेशन) को खंगाला, तो कड़ियां जुड़ती चली गईं। शक के घेरे में आए मृतक के ही गांव के एक युवक दीपक कुमार राम (पिता- भरत राम) को पुलिस ने हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पुलिसिया पूछताछ के सामने आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या की मुख्य वजह प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग (त्रिकोणीय प्रेम संबंध) है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक धारदार चाकू, चाकू का कवर और एक बेंत तथा अनीश कुमार का टूटा हुआ मोबाइल फोन (जिसे साक्ष्य मिटाने के लिए तोड़ा गया था), वारदात के वक्त आरोपी द्वारा पहने गए शर्ट, पैंट और टोपी मिली है।
हथुआ पुलिस ने मुख्य अभियुक्त दीपक कुमार राम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले के अन्य सभी पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है ताकि आरोपी को अदालत से सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके। वर्तमान में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।











