हथुआ: संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत, गले पर गहरे निशान से गहराया सस्पेंस।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
हथुआ (गोपालगंज)।। हथुआ थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 20 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। मृतका की पहचान मोहम्मद खालिद की पुत्री नगमा प्रवीन के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है और स्थानीय इलाके में विभिन्न तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। मिली जानकारी के अनुसार, नगमा का शव घर के भीतर संदिग्ध स्थिति में पाया गया। प्रथम दृष्टया इसे फांसी लगाकर की गई आत्महत्या माना जा रहा है, लेकिन शव की स्थिति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका के गले के आधे हिस्से पर गहरा निशान पाया गया है। गले के निशान और घटना की परिस्थितियों को देखते हुए स्थानीय लोग इसे महज आत्महत्या मानने से कतरा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही हथुआ थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और उसे गोपालगंज सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मौत के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा करेगी। इस घटना के बाद से वार्ड नंबर 10 के निवासी स्तब्ध हैं और मृतका के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।
“पुलिस हर संभावित पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या मामला कुछ और है।” — सूत्र












