बाइक सवार अपराधियों ने महिला का दंपति को लूटा
नौतन।
नौतन थाना क्षेत्र के भुलौनी नहर पुल के उत्तर में स्थित नहर पक्की सड़क पर सोमवार की एक घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। बाइक सवार दो अपराधियों ने एक दंपति से लूटपाट की घटना को अंजाम दे दिया। पीड़ित नौतन थाना क्षेत्र के हसुआ गांव निवासी राजेश राम अपनी पत्नी के साथ बाइक से अपने गांव हंसुआ लौट रहे थे। जब वे नौतन नहर पुल और भुलौनी नहर पुल के बीच नहर पिंच सड़क पर पहुंचे तभी पश्चिम दिशा की ओर से दो युवक अपाची बाइक पर सवार होकर आए। उन्होंने दंपति को रोका और राजेश राम की पत्नी के गले से सोने का मंगलसूत्र तथा राजेश राम का मोबाइल छीन लिया। लूटपाट के बाद दोनों अपराधी बाइक से फरार हो गए। पीड़ित राजेश राम ने तुरंत नौतन थाने में आवेदन देकर घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी जितमोहन कुमार ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है और अपराधियों की तलाश में पुलिस छानबीन कर रही है।











