नौतन में रामनवमी पर कन्या-पूजन व शोभायात्रा आयोजित
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन प्रखंड मुख्यालय स्थित राम-जानकी मंदिर परिसर में रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य कन्या-पूजन व शोभायात्रा का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। कन्या-पूजन में स्थानीय क्षेत्र की सैकड़ों कन्याओं कर उन्हें मिष्ठान्न और पौष्टिक भोजन परोसा गया। भक्तों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया। कन्या-पूजन व भोज के पश्चात दोपहर तीन बजे भव्य रामनवमी शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु, बच्चे और युवा शामिल हुए। यात्रा राम-जानकी मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई और नौतन बाजार, भुलौनी होते हुए रामगढ़ स्थित शिव मंदिर तक पहुंची। पूरे रास्ते रामधुन और जयकारों की गूंज सुनाई दे रही थी। श्रद्धालु हाथों में ध्वज-पताकाएं आदि लेकर चल रहे थे। रामगढ़ शिव मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया तथा विशेष प्रार्थना की। इसके बाद जुलूस वापसी की ओर बढ़ा। नौतन बाजार होते हुए फिर से राम-जानकी मंदिर परिसर पहुंचकर यह शोभा यात्रा संपन्न हुई। इस आयोजन से पूरे क्षेत्र में रामनवमी का उत्साह और भक्ति का माहौल छा गया। स्थानीय लोगों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भरपूर सहयोग दिया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि रामनवमी के पावन पर्व पर ऐसे आयोजन भक्ति भाव को बढ़ाते हैं और समाज में सद्भावना का संदेश देते हैं। इस दौरान थानाध्यक्ष जीतमोहन प्रसाद पुलिस बल के साथ तत्पर दिखाई दिए।












