दो बच्चों को लेकर पत्नी फरार पति ने दर्ज कराई प्राथमिकी जांच में जुटी पुलिस
गोपालगंज। जिले के कटेया थाना क्षेत्र से एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों के अचानक लापता हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित पति ने थाने में लिखित आवेदन देकर पत्नी और बच्चों की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कटेया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उसकी पत्नी प्रतिमा देवी और दो बच्चे बीते 6 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3 बजे घर से निकले थे, जिसके बाद से अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि लापता महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है, जबकि बच्चों की उम्र करीब 10 वर्ष और 7 वर्ष के आसपास है। लगातार खोजबीन के बावजूद जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो पीड़ित पति ने कटेया थाना में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने इस मामले मे कांड संख्या 163/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है और जल्द ही महिला और बच्चों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए मां-बच्चों को सकुशल बरामद करने की मांग की है।










