88 लीटर देसी शराब के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विशंभरपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 88 लीटर देसी शराब बरामद की है। मौके से शराब के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विशंभरपुर थाना क्षेत्र में दिवा गश्ती के दौरान ग्राम सिपाया खास में वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस वाहन को देखकर एक मोटरसाइकिल सवार भागने लगा। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर बंधे बोरे से 88 लीटर देसी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुद्रा कुमार, पिता- हरेंद्र यादव, ग्राम- चतुरबगहां, थाना- जादोपुर, जिला- गोपालगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद शराब और मोटरसाइकिल को जब्त करते हुए मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहने की बात पुलिस की ओर से कही गई है।












