347 गिरफ्तार, 2500 कुर्की… अब स्कूलों में पहुंचेगी बिहार पुलिस, जानिए क्यों?
पटना. बिहार पुलिस अब सिर्फ अपराधियों पर शिकंजा कसने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बच्चों और युवाओं को कानून की जानकारी देकर उन्हें जागरूक भी करेगी. स्कूलों और कॉलेजों में विशेष अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को कानून, उनके अधिकार और कर्तव्यों की जानकारी दी जाएगी. साथ ही महिलाओं और बच्चियों के सम्मान और साइबर अपराध से बचाव जैसे विषयों पर भी जागरूक किया जाएगा.इसकी जानकारी बिहार के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) केएस अनुपम ने दी. उन्होंने बताया कि बिहार पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है. इसी उद्देश्य से जल्द ही राज्यभर के स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा. इस अभियान के जरिए बच्चों को कानून की बुनियादी जानकारी दी जाएगी, ताकि वे सही रास्ते पर चलकर बेहतर नागरिक बनें और समाज में महिलाओं व बच्चियों के सम्मान का संदेश फैलाएं.एडीजी के अनुसार, बिहार पुलिस ने पिछले 15 दिनों के दौरान पटना समेत सभी जिलों में पुलिस पर हमले और अन्य गंभीर मामलों में विशेष अभियान चलाया. इस दौरान 347 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. वहीं विभिन्न आपराधिक मामलों में करीब 2,500 कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की गई. गवाही पर बढ़ा जोर, दोषियों को मिली सजा उन्होंने बताया कि लंबित मामलों में तेजी लाने के लिए पुलिस अधिकारियों की गवाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. पिछले 15 दिनों में करीब 5,000 मामलों में गवाही की कार्रवाई कराई गई. इसका असर न्यायालयों में भी देखने को मिला, जहां पॉक्सो समेत कई गंभीर मामलों में दोषियों को 20 वर्ष तक की सजा सुनाई गई.सोशल मीडिया पर भी सख्ती केएस अनुपम ने कहा कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर भी बिहार पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. पिछले दिनों करीब 100 एफआईआर दर्ज की गई हैं और इन मामलों में लगातार गिरफ्तारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.थानों की हो रही रियल टाइम मॉनिटरिंग एडीजी ने बताया कि पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए राज्यभर के पुलिस थानों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है. इसका उद्देश्य अपराध नियंत्रण, मामलों के त्वरित निष्पादन और पुलिस की जवाबदेही बढ़ाना है. उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस आगे भी अपराधियों के खिलाफ इसी तरह अभियान चलाकर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है.












