सारण क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक ने किया गोपालगंज एसपी कार्यालय का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए जरूरी दिशा-निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर शनिवार को पुलिस उप महानिरीक्षक, सारण क्षेत्र, छपरा द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कार्यों एवं अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (सदर-2), पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) सहित कार्यालय के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों को कार्यालयीन कार्यों के सुचारू संचालन, अभिलेखों के समुचित संधारण तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक ने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अभिलेखों को अद्यतन रखने और निर्धारित दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन करने पर बल दिया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालयीन व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के साथ जिले में कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग को और मजबूत करना रहा।












