विद्यार्थी सहयोग शिविर बना समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच, 18 आवेदन प्राप्त
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में बिहार सरकार की महत्वपूर्ण पहल “विद्यार्थी सहयोग शिविर” का आयोजन मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को हथुआ अनुमंडल के सभी सात प्रखंडों के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में किया गया। शिविर को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने शैक्षणिक, छात्रावास, पेयजल, भोजन, सुरक्षा, साफ-सफाई समेत विभिन्न समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के समक्ष खुलकर रखा।
18 आवेदन मिले, 6 का मौके पर निष्पादन
सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के उद्देश्य को साकार करने के लिए आयोजित शिविर में कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 6 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। प्राप्त सभी आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर की गई। शेष आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन की प्रक्रिया संबंधित पदाधिकारियों द्वारा शुरू कर दी गई है।
शिविर में आवासीय छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की प्रक्रिया और उपयोगिता की जानकारी दी गई। छात्राओं को अपनी समस्याओं एवं सुझावों को पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। यह शिविर प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को आयोजित किया जाना निर्धारित है।
एसडीओ और एसडीपीओ ने छात्राओं से किया संवाद
केजीबीवी हथुआ में आयोजित शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी, हथुआ एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हथुआ ने छात्राओं से संवाद किया। अधिकारियों ने छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के उद्देश्य, प्रक्रिया और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
छात्राओं को बताया गया कि छात्रावास में पेयजल, भोजन, सुरक्षा, साफ-सफाई, शैक्षणिक सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं अथवा सुझावों को इस प्रभावी मंच के माध्यम से सामने रखा जा सकता है।
शिकायतकर्ता की पहचान रहेगी गोपनीय
शिविर के दौरान छात्राओं को पोर्टल की गोपनीयता व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों में आवेदक की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी। इससे छात्राएं बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं और सुझाव साझा कर सकेंगी।
छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग कार्यक्रम के टोल-फ्री नंबर 1100 की जानकारी भी दी गई। पेयजल, भोजन, सुरक्षा, छेड़खानी सहित अन्य आवश्यक समस्याओं की सूचना इस माध्यम से दी जा सकती है।
छात्राओं ने पहल को बताया सराहनीय
विद्यार्थी सहयोग शिविर के आयोजन से केजीबीवी में आवासित छात्राओं में संतुष्टि और उत्साह का माहौल दिखा। छात्राओं ने कहा कि अपनी समस्याओं और सुझावों को सीधे सामने रखने के लिए इस प्रकार का मंच मिलना उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस पहल को विद्यार्थियों के हित में सराहनीय कदम बताया।
22 सितंबर को होगा अगला शिविर
हथुआ अनुमंडल के सभी केजीबीवी में विद्यार्थी सहयोग शिविर का अगला चरण 22 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अपनी शैक्षणिक, छात्रावास एवं अन्य समस्याओं तथा सुझावों को इस मंच के माध्यम से साझा करें, ताकि उनका नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।












