वाहन जांच के दौरान शराब के नशे में तीन गिरफ्तार
नौतन फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
यूपी-बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थानीय पुलिस द्वारा चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों से शराब के नशे में धुत्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की कार्रवाई से शराब कारोबारियों एवं शराब का सेवन करने वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, जांच अभियान के दौरान यूपी की ओर से अलग-अलग स्थानों से तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। रोककर पूछताछ करने पर उनके शराब के नशे में होने की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेजा। जांच के दौरान उनके शरीर में अल्कोहल की मात्रा पाए जाने की पुष्टि हुई। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि शराब मामले में गिरफ्तार लोगों में विशुनपुरा गांव निवासी राजकिशोर साह, गंभीरपुर गांव निवासी परमजीत शर्मा तथा नौतन निवासी हरेराम प्रसाद शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में शराब की तस्करी एवं सेवन पर रोक लगाने के लिए लगातार वाहन जांच और गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।












