राजीव रिजेंसी होटल चाकूबाजी कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो नामजद आरोपी गिरफ्तार; एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध
गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के राजीव रिजेंसी होटल में हुई चाकूबाजी की घटना में गोपालगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 की रात होटल राजीव रिजेंसी में कैप्टन और स्टाफ के बीच चाकूबाजी की घटना हुई थी। सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 और नगर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
घटना में घायल होटल कैप्टन अनीस कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेजा गया। वहां से बेहतर उपचार के लिए उन्हें गोरखपुर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, गोपालगंज में कराया गया तथा शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के परिजनों के आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 1066/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर जिले के रामपुर हरी थाना क्षेत्र के हजरतपुर निवासी गौतम कुमार, पिता प्रभु दास, और सुजय कुमार, पिता रामेश्वर साह को गिरफ्तार किया। साथ ही एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया। घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है।
पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल की चाबी मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
फिलहाल दोनों गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विधि-विरुद्ध बालक के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।











