मीरगंज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रक से 1327.72 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ गोपालगंज पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1327.72 लीटर विदेशी शराब, एक मोबाइल फोन और डीसीएम ट्रक जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 24 अगस्त 2026 को मीरगंज थाना पुलिस को सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक डीसीएम ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब लायी जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने सैवया पुलिस पिकेट के समीप वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।
इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक लाल रंग के डीसीएम ट्रक को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखकर चालक घबरा गया, जिसे पुलिस बल के सहयोग से तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
ट्रक की विधिवत तलाशी लेने पर डाले के नीचे जाली से बने एक गुप्त बॉक्स का पता चला। बॉक्स के ऊपर करीब 250 प्लास्टिक बोरे रखे हुए थे। गुप्त बॉक्स की तलाशी लेने पर कुल 1327.72 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने शराब बरामदगी के साथ डीसीएम ट्रक और मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया तथा चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान जलालुद्दीन अंसारी, पिता रैयाज अंसारी, ग्राम खनवार पिपरा, थाना कुबेर स्थान, जिला कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उक्त वाहन राजन भाई का है और उसके माध्यम से उत्तर प्रदेश के पथरदेवा में संपर्क किया गया था। पुलिस अब मामले में शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच करते हुए अन्य जुड़े लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
इस संबंध में मीरगंज थाना कांड संख्या 445/26, दिनांक 25.08.2026 दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार शराब तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए अनुसंधान जारी है।
बरामदगी:
- विदेशी शराब — 1327.72 लीटर
- डीसीएम ट्रक — 01
- मोबाइल फोन — 01
गोपालगंज पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।












