महावीरी अखाड़ा जुलूस में गोली मारकर हत्या का पुलिस ने किया त्वरित खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र में महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान हुई गोली मारकर हत्या की वारदात का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पूछताछ की और मामले में प्रयुक्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे नगर थाना क्षेत्र के पुरानी चौक के पास महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 एवं नगर थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक के परिजनों के फर्दबयान के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 846/26 दर्ज कर नामजद आरोपियों के विरुद्ध अनुसंधान शुरू किया गया।
विशेष टीम ने की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 एवं नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त गोलू उर्फ राजकुमार, पिता—कृष्णा राम, साकिन—श्याम सिनेमा रोड, थाना नगर, जिला गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, महावीरी अखाड़ा मेला के दौरान मोटरसाइकिल तेज गति से चलाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी द्वारा फोन कर रोहित राम उर्फ लवकुश एवं अन्य लोगों को बुलाया गया। इसी दौरान रोहित राम उर्फ लवकुश द्वारा मृतक के दाहिने गाल में गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के दौरान गोली का अग्रभाग बरामद
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शरीर से गोली का अग्रभाग बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को विधिवत न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वर्तमान में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
बरामदगी: मृतक के शरीर से गोली का अग्रभाग—01।












