भोरे में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9.5 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। भोरे थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9.5 ग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों की पहचान सुजीत कुमार एवं करण कुमार, निवासी बनिया छापर, थाना भोरे , जिला गोपालगंज के रूप में हुई है।
पुलिस को 23 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि बनिया छापर गांव में दो व्यक्ति स्मैक जैसे मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपित भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान सुजीत कुमार के पास से 7.93 ग्राम तथा करण कुमार के पास से 1.57 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इस तरह दोनों के पास से कुल 9.5 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे उक्त मादक पदार्थ को सिवान से खरीदकर लाते थे और गांव में घूम-घूमकर उसकी बिक्री करते थे। मामले में भोरे थाना कांड संख्या 390/26, दिनांक 23 अगस्त 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि स्मैक जैसे मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
बरामदगी: 9.5 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ
गिरफ्तार: 2 आरोपित
कार्रवाई: भोरे थाना पुलिस, गोपालगंज












