बांदा में अवैध तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़, हथियार बनाते दो आरोपी गिरफ्तार
बांदा। नरैनी पुलिस ने अवैध शस्त्र निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ग्राम मोतियारी स्थित एक घर में छापेमारी कर अवैध तमंचे बनाते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 9 तमंचे, 2 जिंदा कारतूस और हथियार बनाने के भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24/25 अगस्त की देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नरैनी पुलिस ने मोतियारी गांव में एक घर को घेरकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर में अवैध रूप से तमंचे तैयार किए जा रहे थे। पुलिस टीम ने मौके से दो आरोपियों को दबोच लिया और बड़ी मात्रा में निर्मित व अर्द्धनिर्मित हथियार तथा शस्त्र निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए।
7 से 8 हजार रुपये में बिकता था एक तमंचा
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि तैयार किए गए तमंचों को करीब 7 से 8 हजार रुपये प्रति तमंचे की कीमत पर बांदा समेत आसपास के जनपदों में सप्लाई किया जाता था। इस खुलासे के बाद पुलिस अब हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने बरामद हथियारों और उपकरणों को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार ने बताया कि अवैध शस्त्र निर्माण और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। बादा से सनम मलिक की रिपोर्ट












