नौतन में दो सप्ताह से चरमराई बिजली व्यवस्था, उमस भरी गर्मी में परेशान उपभोक्ता
बार-बार बिजली कटौती से लोगों में बढ़ा आक्रोश, सुधार की मांग
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय प्रखंड क्षेत्र में पिछले करीब दो सप्ताह से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। लगातार हो रही बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति से आम उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन और रात में कई बार बिजली कटौती की जा रही है। वहीं, बिजली आने के बाद भी लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है। इससे घरेलू कामकाज के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। दुकानदारों और छोटे व्यवसायियों को भी बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में नियमित बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए नौतन क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार कराने तथा नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।












