दहेज प्रताड़ना व महिला की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो प्राथमिक अभियुक्त गिरफ्तार
गोपालगंज। मांझागढ़ थाना क्षेत्र के श्यामपुर भैंसही गांव में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो प्राथमिक अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना 22 अगस्त 2026 को प्राप्त हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मांझागढ़ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की। साथ ही एफएसएल टीम को बुलाकर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए और घटनास्थल का वीडियोग्राफी सहित निरीक्षण किया गया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेजा गया।
मृतका के परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मांझागढ़ थाना कांड संख्या-371/26, दिनांक 25.08.2026 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतका से दहेज के रूप में मोटरसाइकिल की मांग की जाती थी और मांग पूरी नहीं होने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि घटना से पूर्व भी मृतका के साथ मारपीट की गई थी तथा पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज प्रताड़ना एवं हत्या का आरोप लगाया गया।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुदामा यादव और राजकुमार यादव, दोनों निवासी श्यामपुर भैंसही, थाना मांझागढ़, जिला गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार अभियुक्त राजकुमार यादव के विरुद्ध पूर्व में भी कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












