जमीनी विवाद में मारपीट के बाद वृद्ध की मौत, पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 3 को किया गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुकदेव पट्टी गांव में एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ आपसी जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 23 अप्रैल 2026 को सुकदेव पट्टी गांव में जमीनी विवाद को लेकर पट्टीदारों ने रामू बैठा और उनके परिवार पर घर में घुसकर हमला कर दिया था। इस हमले में रामू बैठा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें तुरंत तमकुही राज अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ से बेहतर इलाज के लिए उन्हें पहले पडरौना और फिर गोरखपुर के ‘न्यू जीवन अस्पताल’ रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, उपचार के दौरान 25 अप्रैल 2026 को रामू बैठा की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-01) और गोपालपुर थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कांड संख्या-141/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर इस मामले में संलिप्त 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मनेजर बैठा (पिता- स्व. लगन बैठा) तथा दो महिला अभियुक्त शामिल है। पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में घटना का मुख्य कारण जमीनी विवाद पाया गया है। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य है और पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। गोपालगंज पुलिस ने किसी भी आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर 9031827299 भी जारी किया है।












