राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ मासिक निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के शत-प्रतिशत पालन के दिए निर्देश।
गोपालगंज | ब्यूरो रिपोर्ट
गोपालगंज में सोमवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव, साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी, अग्निशमन एवं सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा लॉगबुक संधारण की गहन समीक्षा की। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. शशि प्रकाश राय को सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने और निगरानी व्यवस्था को हर समय सक्रिय बनाए रखने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने सुरक्षा मानकों के अनुरूप वेयरहाउस पर लगातार पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सीसीटीवी कंट्रोल सिस्टम के माध्यम से वेयरहाउस की निगरानी व्यवस्था भी दिखाई गई। मौके पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुमेर प्रसाद, जदयू के योगेंद्र राम, लोजपा के प्रतिनिधि, कांग्रेस के सत्तार अली, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीपू कुमार, सीपीआई (एमएल) के सुभाष सिंह, बसपा जिला अध्यक्ष सतेंद्र कुमार, सचिव मोहम्मद सलाउद्दीन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
