“एक पेड़ माँ के नाम” पहल से पर्यावरण संरक्षण का संदेश, A. R. इंटरनेशनल स्कूल में पौधारोपण
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान की भावना को जोड़ते हुए A. R. इंटरनेशनल स्कूल, पिपराही में “एक पेड़ माँ के नाम” पहल के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अपनी माताओं के प्रति प्रेम और सम्मान का सुंदर संदेश दिया।
इस अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर शकील अहमद और प्रिंसिपल प्रोसोंनो सोरेन सहित स्कूल के शिक्षक एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे। सभी ने पौधारोपण करते हुए पर्यावरण को हरा-भरा रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
मैनेजिंग डायरेक्टर शकील अहमद ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक भावनात्मक प्रयास है। जिस तरह मां अपने बच्चों की देखभाल कर उन्हें सुरक्षा और छांव देती हैं, उसी तरह आज लगाया गया पौधा बड़ा होकर आने वाली पीढ़ियों को छांव, स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिवार ने लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करें। इस पहल को पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया गया।
A. R. इंटरनेशनल स्कूल की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।












