अनीमिया मुक्त बिहार अभियान का गोपालगंज में शुभारंभ, 30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। मुख्यमंत्री, बिहार सरकार ने मंगलवार को अपराह्न 3 बजे संवाद कक्ष से अनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अनीमिया मुक्त बिहार अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही गोपालगंज जिले में भी सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में अभियान की शुरुआत की गई।
अभियान के तहत छह माह से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों के हीमोग्लोबिन स्तर की जांच की जाएगी। इसके अलावा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की भी हीमोग्लोबिन जांच की जा रही है। यह अभियान 25 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक संचालित होगा।
जांच में जिन बच्चों, किशोर-किशोरियों एवं महिलाओं का हीमोग्लोबिन निर्धारित मानक से कम पाया जाएगा, उन्हें आवश्यकतानुसार आयरन सिरप तथा आईएफए की गुलाबी, नीली एवं लाल गोलियां उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान का उद्देश्य अनीमिया की जल्द पहचान कर समय पर उपचार एवं आवश्यक दवा उपलब्ध कराना है।
अनीमिया से प्रभावित लोगों में जल्दी थकान, सांस फूलना, सुस्ती, अधिक नींद आना, बार-बार बीमार पड़ना, भूख कम लगना, पढ़ाई एवं खेलकूद में मन नहीं लगना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इसके अलावा त्वचा एवं हथेलियों का पीलापन, नाखूनों में बदलाव तथा जीभ में सूजन भी अनीमिया के संकेत हो सकते हैं।
अभियान के माध्यम से बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं में अनीमिया की स्थिति की समय रहते पहचान, उपचार और आवश्यक दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इससे उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने और अनीमिया से बचाव में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर सिविल सर्जन सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।












