नवरंग प्रभुनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड हॉस्पिटल में मनाया गया योग दिवस
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में नवरंग प्रभुनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड हॉस्पिटल में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान परिसर में सुबह से ही योग की ऊर्जा व्याप्त रही। कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन मनीष पांडेय और प्राचार्या आर्या कुमारी की प्रमुख उपस्थिति रही। इस अवसर पर रजनीश कुमार, अभिषेक कुमार, अंकित, नेहा, पल्लवी, अजीत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने प्राणायाम, आसन, ध्यान और शिथिलीकरण की विभिन्न विधाओं का अभ्यास किया। योग सत्र के दौरान छात्रों ने योग के शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक लाभों को प्रत्यक्ष अनुभव किया। सभी ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने और स्वस्थ रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन मनीष पांडेय ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम भी है। आज के भागदौड़ भरे जीवन में योग तनाव मुक्ति और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। उन्होंने छात्रों को नियमित योगाभ्यास की सलाह दी।प्राचार्या आर्या कुमारी ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि नर्सिंग के क्षेत्र में कार्यरत छात्रों के लिए योग विशेष रूप से उपयोगी है, क्योंकि यह उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा स्वस्थ, निरोग और सुखमय जीवन की कामना के साथ हुआ। इस आयोजन ने संस्थान में योग को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित किया।












