बालू लादते समय मजदूर को मिला सोने का बिस्किट, दुकानदार के साथ झड़प, पुलिस ने दोनों को थाने लिया।
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र के नौतन बाजार स्थित एक गिट्टी-बालू की दुकान पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बालू लाद रहे एक मजदूर को अचानक बालू के ढेर में से एक सोने का बिस्किट मिल गया। हैरान मजदूर ने तुरंत इसे दुकानदार को दिखाया। दोनों बिस्किट की सत्यता जानने के लिए पास की आभूषण दुकान पर पहुंचे, जहां ज्वेलर ने जांच कर बिस्किट की कीमत लाखों रुपये बताई। जैसे ही कीमत का पता चला, मजदूर और दुकानदार के बीच बिस्किट के मालिकाने को लेकर नोक-झोंक शुरू हो गई। दोनों पक्ष अपना हक जताने लगे। देखते-ही-देखते दोनों के परिजन मौके पर पहुंच गए और विवाद तेज हो गया। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को बिस्किट सहित थाने ले गई। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। बिस्किट की असली प्रकृति, उसका स्रोत और मालिकाना हक तय करने के लिए जांच चल रही है। यह घटना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है। कई लोग इसे संयोग मान रहे हैं तो कुछ इसे बड़े साजिश का हिस्सा भी बता रहे हैं। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।












