वैष्णव जीविका महिला विकास स्वावलम्बी सहकारी समिति लिमिटेड, मेनपुर ने 27 जुलाई तक मांगे आवेदन, डी.फार्मा/बी.फार्मा अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले के युवाओं के लिए रोजगार का एक अच्छा अवसर सामने आया है। वैष्णव जीविका महिला विकास स्वावलम्बी सहकारी समिति लिमिटेड, मेनपुर (प्रखंड–गोपालगंज सदर) ने फार्मासिस्ट के एक पद पर नियुक्ति के लिए योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह पद अनारक्षित (UR) श्रेणी का है तथा चयनित अभ्यर्थी को अधिकतम ₹25,000 प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।
समिति द्वारा जारी सूचना के अनुसार चयनित फार्मासिस्ट को दवा वितरण, चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवा उपलब्ध कराना, दवाओं का स्टॉक प्रबंधन तथा दवा बिक्री को बढ़ावा देने से संबंधित कार्यों का दायित्व निभाना होगा।
आवेदन की अंतिम तिथि 27 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी अपराह्न 1:00 बजे तक अपना आवेदन समिति कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र संकुल स्तरीय संघ (CLF) कार्यालय से कार्यालय अवधि (सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक) प्राप्त किया जा सकता है। अंतिम तिथि को आवेदन केवल दोपहर 1:00 बजे तक ही स्वीकार किए जाएंगे।
योग्यता एवं प्राथमिकता
भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु 21 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। मान्यता प्राप्त संस्थान से डी.फार्मा या बी.फार्मा की डिग्री के साथ दवा व्यवसाय में कम-से-कम दो वर्ष का अनुभव अनिवार्य है। वहीं, स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़े परिवारों के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
समिति ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के साथ शैक्षणिक योग्यता, आयु एवं अनुभव से संबंधित स्व-अभिप्रमाणित प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा। अपूर्ण आवेदन अथवा आवश्यक दस्तावेजों के बिना प्राप्त आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे।
आवेदन जमा करने का पता वैष्णव जीविका महिला विकास स्वावलम्बी सहकारी समिति लिमिटेड, मेनपुर, पंचायत–एकडेरवा, जीतना बाजार से 100 मीटर पश्चिम, प्रखंड–गोपालगंज सदर, जिला–गोपालगंज (बिहार–841428) निर्धारित किया गया है।
समिति ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना किसी कारण बताए पदों की संख्या में परिवर्तन करने अथवा भर्ती प्रक्रिया को आंशिक या पूर्ण रूप से निरस्त करने का अधिकार उसके पास सुरक्षित रहेगा।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें: 9097501351.












