झाड़ी में मिला अज्ञात शव, पहचान के लिए पुलिस की अपील।
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
बैकुण्ठपुर (गोपालगंज)।। बैकुण्ठपुर थाना क्षेत्र के फैजल्लाहपुर नरवार बांध के पास आज उस समय सनसनी फैल गई, जब बांध के नीचे झाड़ियों से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव पूरी तरह से सड़-गल चुका है, जिससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि मौत कुछ दिन पहले हुई है। स्थानीय ग्रामीणों ने बांध के समीप झाड़ियों से दुर्गंध आने पर पास जाकर देखा, तो वहां एक व्यक्ति का शव पड़ा था। इसकी सूचना तुरंत स्थानीय बैकुण्ठपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके।
पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति हाल के दिनों में लापता हुआ है या इस विवरण से मिलता-जुलता कोई व्यक्ति जानकारी में हो, तो कृपया बैकुण्ठपुर थाना को सूचित करें। आपकी एक छोटी सी जानकारी मृतक के परिजनों तक पहुँचने में मदद कर सकती है।












