गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस के सामने कबूला जुर्म।
गोपालगंज।। जिले में ‘सक्रिय पुलिसिंग’ के तहत नगर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया है। घटना बीते 25 जनवरी 2026 की है, जब नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया था। पीड़िता की माँ के बयान (फर्दबयान) के आधार पर नगर थाने में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) और नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय इनपुट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ पूरी कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में वर्तमान में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।











