विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर थाना क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर पुलिस का पैदल मार्च, शांति भंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से नगर थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) एवं नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च कर आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में शामिल होने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है। प्रशासन ने कहा कि आगामी दिनों में भी ऐसे फ्लैग मार्च और सघन गश्ती अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि गोपालगंज में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रहे।












