शराब के नशे में तीन युवक गिरफ्तार, भेजे गए जेल
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय पुलिस द्वारा गुरुवार की देर शाम चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान तीन युवकों को शराब के नशे में पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार ये तीनों व्यक्ति उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे थे और बुरी तरह नशे की हालत में थे। थानाध्यक्ष जीतमोहन कुमार ने बताया कि जांच के दौरान तीनों की संदिग्ध चाल-ढाल देखकर उन्हें रोका गया। हिरासत में लेकर उनकी मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें तीनों के शरीर में अल्कोहल की मात्रा पाई गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गोपालगंज जिले के हथुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरी धनेश गांव निवासी जयप्रकाश यादव, मिर्जापुर गांव निवासी अजय कुमार और फुलवरिया थाना क्षेत्र के कररिया ठकुराई गांव निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शराब तस्करों एवं शराबियों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। आमजन से अपील की गई है कि यदि कोई नशे में वाहन चलाते या घूमते नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा, और शराब तस्करी व सेवन पर अंकुश लगाने की दिशा में की गई है।












