कटेया में रामनवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, हजारों राम भक्त हुए शामिल
कटेया, गोपालगंज: शनिवार को रामनवमी के पावन अवसर पर कटेया नगर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। पूरे बाजार क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और हजारों की संख्या में राम भक्तों ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ शोभायात्रा में भाग लिया।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल बाजार के प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात किया गया था। थाना अध्यक्ष खुद भी लगातार शोभायात्रा का घूम-घूमकर जायजा लेते रहे, जिससे श्रद्धालुओं में सुरक्षा को लेकर विश्वास बना रहा।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के व्यवसाइयों द्वारा शोभायात्रा की शुरुआत प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर महुअई माई, दुहौना रोड से की गई। इसके बाद शोभायात्रा पूरे बाजार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते भर लोगों ने फूल-मालाओं से भगवान श्रीराम की झांकी का स्वागत किया और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। समिति के प्रमुख सदस्यों में अनिकेत मद्धेशिया, मोनू केसरी, ललन मद्धेशिया, दीपू शुक्ला, वार्ड नंबर 9 के वार्ड पार्षद विशाल मद्धेशिया, मोनू चौबे, अमरजीत चौबे, अमित शर्मा, अभिषेक शर्मा और मुक्तेश्वर जायसवाल शामिल रहे।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और कटेया नगर पूरी तरह राममय नजर आया।












